
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के अनौरा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार भोर में घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
अनौरा गांव निवासी अजीत कुमार तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार की रात परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अजीत अपने कमरे में चला गया। कमरे में ही उसने चूल्हे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
मंगलवार भोर में जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर रानी की सराय थाने की पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
