रिवॉल्वर के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर दिखाई दबंगई, भोजपुरी एक्ट्रेस के खिलाफ कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर रिवॉल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाली एक महिला के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत महिला की पहचान कर मंगलवार को उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला रिवॉल्वर के साथ रील बनाकर पोस्ट करती दिखाई दे रही थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित महिला की पहचान की। पुलिस का कहना है कि इस तरह के प्रदर्शन से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन वज्रपात चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय और चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा की टीम ने महिला के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *