
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बरदह-मुक्तिपुर-सिसवारा मार्ग पर सोमवार की देर शाम लसड़ा कला गांव के पास डीसीएम ट्रक की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान साहबराज यादव पुत्र स्व. रामस्वरूप यादव निवासी पिलखनी, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, साहबराज यादव अपनी बहू साक्षी पत्नी शिवप्रसाद, बड़े बेटे उदयराज और तीन पोतियों के साथ बोलेरो से सरायमीर थाना क्षेत्र के धनवाल गांव निवासी तरसु यादव के घर जा रहे थे। इसी दौरान नरवे पुल के पास डीसीएम ट्रक ने उनकी बोलेरो में टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो सवारों ने डीसीएम का पीछा किया। करीब 10 किलोमीटर दूर लसड़ा कला गांव में श्रीधर राजभर के घर के सामने डीसीएम को रोक लिया गया।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में हुए नुकसान की भरपाई के लिए चालक से रुपये मांगने को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान डीसीएम चालक ने ट्रक से साहबराज यादव को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डीसीएम का पीछा करते हुए थाना क्षेत्र के राजागंज बाजार में चालक को पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक के पुत्र उदयराज की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुटी है। साहबराज यादव मुंबई के गोरेगांव में पान की दुकान चलाते थे। वह भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से घर आए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस मुंबई जाना था। मृतक के चार पुत्र हैं। पत्नी प्रभावती सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
