आजमगढ़ में गोतस्करों से पुलिस की मुठभेड़, सरगना शोएब गोली लगने से घायल, साथी गिरफ्तार, बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से करते थे रेकी, कंटेनर में लादकर बिहार और बंगाल भेजते थे प्रतिबंधित पशु; छह जिलों में दर्ज हैं 12 मुकदमे

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में बुधवार की भोर पुलिस और अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गिरोह का शातिर सदस्य शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2150 रुपये नकद और प्रतिबंधित पशुओं को बांधने में इस्तेमाल होने वाली चार रस्सियां बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छह जिलों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार की रात और भोर में जहानागंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोतस्करी गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मंदे बागीचा के पास भुजही नहर पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच एक संदिग्ध चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वाहन सवार भागने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में शोएब उर्फ गेंदा के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। मुठभेड़ बुधवार की सुबह करीब 3:45 बजे हुई। घायल शोएब को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार शोएब मुजफ्फरनगर जिले के खतौली का निवासी है और वर्तमान में मेरठ के तारापुरी खुशहाल नगर में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी मुस्तफा रजा रामपुर जिले के अजीम नगर थाना क्षेत्र के नांगलिया अकिल का निवासी है।

पूछताछ में आरोपियों ने गोतस्करी का तरीका बताया। गिरोह के सदस्य पहले बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी से सुनसान रास्तों और स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद प्रतिबंधित पशुओं को ट्रक या पिकअप के माध्यम से हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लदवाकर उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाते थे। वहां पशुओं को बेच दिया जाता था। पुलिस से बचने और गिरफ्तारी की स्थिति में मुकाबला करने के लिए गिरोह के सदस्य अवैध असलहे भी रखते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूर्व में भी पुलिस टीमों पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने मौके से दो देशी तमंचे .315 बोर, तीन खोखा और दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2150 रुपये नकद और चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। मामले में जहानागंज थाने पर मु0अ0सं0 245/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 352, 351(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शोएब उर्फ गेंदा के खिलाफ इटावा, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर और आजमगढ़ में 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं मुस्तफा रजा के खिलाफ मैनपुरी और आजमगढ़ में दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ कुल 12 मुकदमे पंजीकृत हैं।
मुठभेड़ के बाद फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *