
अतरौलिया आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के भरसानी गांव में सोमवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने एक परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। मंडई में लगी भीषण आग से एक मोटरसाइकिल समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, भरसानी गांव निवासी बिसड़ा देवी पत्नी स्व. रमई राजभर की मंडई में सोमवार की रात करीब दो बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मंडई से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बाल्टी और पंपिंग सेट की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी मंडई जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़िता के अनुसार, आग की चपेट में आने से मंडई में खड़ी मोटरसाइकिल, अनाज, बर्तन, चारपाई, बिस्तर, कुर्सी समेत गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया। आग में सबकुछ गंवाने के बाद परिवार के सामने अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर मंगलवार को क्षेत्रीय लेखपाल विनय पांडेय ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। लेखपाल से नुकसान का आकलन कराया गया है। रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई और मुआवजे के लिए विद्युत विभाग को भेजी जाएगी।
