श्री सुंदर गुरुद्वारा मातबरगंज में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव, अटूट लंगर में शामिल हुए सभी धर्मों के लोग

Uncategorized

आजमगढ़। श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को श्री सुंदर गुरुद्वारा मातबरगंज में श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में शब्द कीर्तन, अरदास और गुरु के लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं और आपसी प्रेम, एकता तथा भाईचारे का संदेश दिया।

प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 22 और 23 नवंबर को सुबह 5:30 बजे श्री सुंदर गुरुद्वारे से प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु संगत ने शब्द कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी के उपदेशों का स्मरण किया। प्रभातफेरी के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंगलवार को सुबह 10 बजे सहज पाठ साहिब की समाप्ति हुई। इसके उपरांत शब्द कीर्तन और अरदास की गई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया तथा गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
गुरु नानक देव जी सिख धर्म के प्रथम गुरु थे। उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज को अंधविश्वास, आडंबर, जात-पात और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा दी। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों को समान अधिकार एवं सम्मान देने की शिक्षा भी दी।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का मूल मंत्र ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ है। इसका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना तथा अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना। उन्होंने लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता और सेवा भावना को मजबूत किया। उनका प्रेम, सद्भाव, समानता और भाईचारे का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *