
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में एक दिन पूर्व 18 वर्षीय युवक आर्यन यादव पुत्र मनोज यादव पर दिनदहाड़े गोली चलने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में युवक पर बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात गलत निकली। पुलिस के अनुसार युवक ने प्रेमिका पर अपना प्रभाव जमाने और उस पर दबाव बनाने के लिए खुद को गोली मारकर घटना को दूसरा रूप देने की साजिश रची थी।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि आर्यन एक युवती से प्रेम करता है। युवती पर अपना प्रभाव जमाने और उसे दबाव में लेने के उद्देश्य से उसने खुद को गोली लगने की घटना की साजिश रची। इसके बाद मामले को दो युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना के रूप में पेश किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। थाना अहरौला पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पुलिस अब युवक के खिलाफ मामले में विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस के खुलासे के बाद दिनदहाड़े युवक पर गोली चलने की घटना को लेकर बनी सनसनी भी खत्म हो गई।
