प्रेम प्रसंग में खूनी वार: गोबरहा गांव में युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर

Uncategorized

आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के गोबरहा गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फूलपुर कोतवाली पुलिस ने तत्काल नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गयी है ।

फूलपुर कोतवाली के गोबरहा गांव निवासी ऋषभ उर्फ धर्मेंद्र अपने निर्माणाधीन मकान का कार्य देखने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गंगू उर्फ पुष्पेंद्र और उसका साथी सत्यम ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने अचानक चाकू निकाल लिया और ऋषभ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट और बांह में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत फूलपुर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल युवक की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी निगरानी में है।
इस मामले में घायल युवक के पिता राजेश ने फूलपुर कोतवाली में नामजद तहरीर देकर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कोतवाल देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । उन्होंने यह भी कहा कि एक आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर साइको प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *