कोचिंग संचालक और चचेरे भाई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज, नहीं हुई गिरफ्तारी, पीड़ित के अनुसार खेत में जबरन पानी डालने से रोकने पर लाठी डंडे से किया हमला

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंधरपट्टी भेदौरा गांव में मनबढ़ों द्वारा कोचिंग संचालक और उसके चचेरे भाई की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर लाठी-डंडे, रॉड और हंसिये से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गांव निवासी पंकज राजभर कोचिंग का संचालन करते हैं। पंकज के मुताबिक, उनकी कोचिंग के सामने कुछ लोग मीट काटकर उसका कचरा फेंक देते हैं, जिससे पढ़ने आने वाले बच्चों और राहगीरों को परेशानी होती है। इसको लेकर उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों को मना किया था, लेकिन आरोप है कि वे विवाद करने पर उतारू हो जाते थे।
पीड़ित के अनुसार, बीते गुरुवार को उनके चाचा निरहू राजभर के फसल लगे खेत में विपक्षी जबरन पानी भरने लगे। इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर पंकज मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।
पंकज का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे, रॉड और हंसिये से हमला किया, जिससे उनके सिर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिसके चलते आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित ने मामले में उचित धाराओं की बढ़ोतरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *