सेटेलाइट से मिली पराली जलाने की सूचना, किसान पर जुर्माना, खेत का निरीक्षण कर राजस्व व कृषि विभाग की टीम ने की कार्रवाई, जुर्माना वसूलकर राजस्व खाते में जमा कराया

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की निगरानी जारी है। शुक्रवार को विकासखंड मुहम्मदपुर के ग्राम सिरसाल में सेटेलाइट के माध्यम से खेत में पराली जलाए जाने की सूचना मिलने पर राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पराली जलाने की पुष्टि होने पर संबंधित किसान के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। जुर्माने की राशि वसूलकर तहसील के राजस्व संग्रह खाते में जमा करा दी गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:18 बजे सेटेलाइट से ग्राम सिरसाल में पराली जलाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए संबंधित खेत की पहचान की गई। जांच में गाटा संख्या 642 में कृषक राम सिंह मौर्य के खेत में पराली जलाए जाने की पुष्टि हुई।

इसके बाद राजस्व लेखपाल, सहायक विकास अधिकारी कृषि मुहम्मदपुर और क्षेत्रीय कर्मचारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत का निरीक्षण कर रकबे के आधार पर नियमानुसार जुर्माना निर्धारित किया और उसकी वसूली कराई।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आसपास मौजूद किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि फसल अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से पराली जलाने के बजाय फसल अवशेषों को खेत में सड़ाकर जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन से मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है और उसकी उर्वरता बनी रहती है। अधिकारियों ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने और फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *