
संभल/आजमगढ़। गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आजमगढ़ के एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बहजोई थाना क्षेत्र में गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से वैगनआर कार घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान आजमगढ़ निवासी अजय कुमार (40), उनके सात वर्षीय इकलौते बेटे पीयूष और अजय के भाई राजकुमार (30) के रूप में हुई है। हादसे में अजय की पत्नी शैलेश कुमारी (38) गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पास मिले मोबाइल फोन से उनकी पहचान हो सकी।
बताया गया कि परिवार दिल्ली से टैक्सी बुक कर आजमगढ़ स्थित अपने घर लौट रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे चारों दिल्ली से रवाना हुए थे। रास्ते में जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर बहजोई थाना क्षेत्र में उनकी कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से जा घुसी। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
घायल शैलेश कुमारी ने बताया कि उन्हें कैंसर है और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह पति, बेटे और भाई के साथ आजमगढ़ लौट रही थीं। हादसे के समय सभी सो रहे थे, इसलिए दुर्घटना कैसे हुई, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। टैक्सी चालक की जानकारी उनके पति के पास थी।
अजय कुमार राजमिस्त्री थे और पानी की बड़ी टंकियां बनाने का काम करते थे। उनका बेटा पीयूष इकलौती संतान था। वहीं, राजकुमार कंप्यूटर का कारोबार करते थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से आजमगढ़ में उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।
बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब की बोतल भी मिली है। कार का चालक की तरफ वाला हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित था, जबकि पीछे की ओर बैठे लोग हादसे की चपेट में आ गए। पुलिस चालक के नशे में होने और नींद की झपकी आने, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक राजकुमार के रिश्तेदार पीयूष सिंह ने बताया कि शैलेश की हालत बेहद गंभीर है। डॉक्टरों ने उनकी बीमारी को लेकर भी गंभीर स्थिति बताई थी। रात करीब 2:30 बजे व्हाट्सएप कॉल पर पुलिस से बातचीत के दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली। वह महाराष्ट्र में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य रात में ही संभल के लिए रवाना हो गए।
