
जानकारी के अनुसार, अंबिका यादव वर्ष 2017 बैच के सिपाही थे और प्रयागराज पुलिस लाइन में तैनात थे। वह दो दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोने चले गए।
गुरुवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं जागने पर छोटी बहन ममता उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। वहां अंबिका यादव को मृत अवस्था में देखकर वह स्तब्ध रह गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घर में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिपाही की अचानक मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
अंबिका यादव की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले छुट्टी पर आए जवान बेटे की मौजूदगी से खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं।
