सैटेलाइट से पकड़ी गई पराली जलाने की घटना, किसान से वसूला गया 2,500 रुपये जुर्माना

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुहम्मदपुर ब्लॉक के गोठांव गांव में खेत में पराली जलाने के मामले में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने किसान से 2,500 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने मौके पर किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करते हुए फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, सैटेलाइट के माध्यम से खेत में पराली जलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए संबंधित खेत की पहचान की गई। जांच के दौरान गाटा संख्या 13 में किसान सुधाकर पुत्र राम जियावन के खेत में पराली जलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्व लेखपाल, सहायक विकास अधिकारी कृषि मुहम्मदपुर और क्षेत्रीय कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत के रकबे के आधार पर 2,500 रुपये का जुर्माना निर्धारित कर वसूल किया और धनराशि तहसील के राजस्व खाते में जमा करा दी।
इस दौरान अधिकारियों ने आसपास के किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। कृषि विभाग के अनुसार फसल अवशेषों को खेत में सड़ाकर जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करने से मिट्टी में जीवांश तत्वों की वृद्धि होती है और भूमि की उर्वरता बनी रहती है।
सहायक विकास अधिकारी कृषि रवि कुमार ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि सुपर सीडर मशीन से खेतों में गेहूं की बुवाई की जा सकती है। वहीं बेलर मशीन के माध्यम से पराली एकत्र कर पेपर मिलों में भेजने से किसानों को अतिरिक्त आमदनी भी हो सकती है। इसके अलावा फसल अवशेष नजदीकी गो-आश्रय केंद्रों पर भी भेजे जा सकते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में पराली जलाने की घटना सामने आने पर संबंधित किसान के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ ही थाने में एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *