
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चलाने के बहाने युवक को बुलाकर उसकी हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मृतक की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में विवेचना के दौरान हत्या की धारा को गैर इरादतन हत्या में तरमीम किया गया है।
जीयनपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी माधुरी पत्नी स्व. हरिश्चन्द्र कन्नौजिया ने 27 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उनके 19 वर्षीय पुत्र प्रियान्शु कन्नौजिया को अभियुक्तों ने ट्रैक्टर चलाने के बहाने बुलाया था और उसकी हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 492/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस को धारा 105 बीएनएस में तरमीम कर दिया। रविवार को प्रभारी निरीक्षक शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमे से संबंधित अभियुक्त मिस्टर उर्फ मोहम्मद अतीक पुत्र अजीज और उसके पुत्र कैफ निवासी अशरफपुर को केशवपुर पुलिया के पास से सुबह 8:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मिस्टर उर्फ मोहम्मद अतीक के खिलाफ जीयनपुर थाने में वर्ष 2024 में धारा 115(2), 351(2), 352 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। कैफ का आपराधिक इतिहास इसी मामले से संबंधित है।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शम्भूनाथ यादव, कांस्टेबल अवनीश यादव, सुधीर गुप्ता और महिला कांस्टेबल अंजली यादव शामिल रहीं।
