वनवासी छात्रों की मदद कर याद किए गए इंदु बाबू, प्रथम पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Uncategorized

आजमगढ़। पूज्य स्व. इंदु भूषण अग्रवाल (इंदु बाबू) की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार को हरिऔध कला केंद्र के सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें सामाजिक, धार्मिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत इस्कॉन के मधुर कीर्तन-भजन से हुई। इसके बाद आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख मिथिलेश जी, गोरक्ष प्रांत प्रचारक रमेश जी और विभाग संघचालक सुरेश शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी इंदु बाबू को श्रद्धांजलि दी।
पुण्यतिथि को सेवा कार्यों के रूप में मनाते हुए अतिथियों ने 18 वनवासी छात्रों को ऊनी वस्त्र, तौलिया और एक वर्ष की फीस प्रदान की। साथ ही वनवासी कल्याण आश्रम को अलमारी और साउंड बॉक्स भेंट किया गया। इस पहल के माध्यम से स्व. अग्रवाल के समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने इंदु बाबू के संघर्ष, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक योगदान को याद किया। आरएसएस के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख मिथिलेश जी ने कहा कि वर्ष 1948, 1975 के आपातकाल और 1992 के श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के दौरान उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिबंधों और गिरफ्तारियों के बावजूद उनका सामाजिक व संगठनात्मक कार्य निरंतर जारी रहा।

गोरक्ष प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि इंदु बाबू के मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इंदु बाबू ने संघ के शताब्दी वर्ष की भूमिका तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने जीवन को समाज के लिए समर्पित कर दिया। कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी छात्र जीवन से इंदु बाबू के संघर्षों को याद करते हुए उनके विचारों और कार्यों की सराहना की।
उनके पुत्र अजय अग्रवाल और अरविंद अग्रवाल ने कहा कि उनके पिता मात्र चार वर्ष की आयु में संघ से जुड़ गए थे। जीवनभर उन्होंने तमाम प्रतिबंधों और चुनौतियों का सामना करते हुए समाजसेवा का कार्य किया। विद्या भारती, संस्कार भारती, वनवासी छात्रावास और पल्हनी के विद्यालय के माध्यम से उन्होंने वंचित बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए काम किया। उनका मूल मंत्र था कि समाज के लिए जियो, अपने लिए तो सभी जीते हैं।
इस अवसर पर अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल ने अपनी कविता के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। अशोक गौड़, जगदीश सिंह, दुर्गा प्रसाद अस्थाना, सुनील राय, सिंहासन यादव और इस्कॉन प्रमुख ओजस्वी प्रभु ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन कैलाश मिश्रा और सुजीत श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान विभाग प्रचारक दीनानाथ, एसपी सिटी मानुष पारीक, प्रेम प्रकाश राय, प्रवीण सिंह, सिद्धार्थ सिंह, पवन सिंह, ऋत्विक जायसवाल, श्रेय अग्रवाल, गौरव रघुवंशी, चंदन अग्रवाल, मनीष रतन अग्रवाल और धनंजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *