जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, कहा- विशेष अभियान चलाकर सीएचओ एवं कोटेदार के माध्यम से लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डेन कार्ड बने, नियमानुसार आशाओं का भुगतान सुनिश्चित हो, शत प्रतिशत टीकाकरण कराते हुए यू-विन पोर्टल पर डाटा फीड करायें

Uncategorized

आजमगढ़ – जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार मे जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

आयुष्मान गोल्डेन कार्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर गोल्डेन कार्ड बनाने में तेजी लाएं। उन्होने कहा कि सीएचओ एवं कोटेदार के माध्यम से लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डेन कार्ड बनवाया जाए। उन्होने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की 01 आईडी अवश्य बनायी जाए। उन्होने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों की प्रगति 90 प्रतिशत से कम है, उन ग्राम पंचायतों को ड्यू लिस्ट उपलब्ध करायें, उसके अनुसार शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। उन्होने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डेन कार्ड बनाये जाने हेतु रोस्टर निर्धारित करें, जिससे कि समय से शत प्रतिशत कार्ड बनाया जा सके। इसके बाद भी ग्राम पंचायतवार समीक्षा में प्रगति कम पायी जाती है तो संबंधित के ऊपर कार्यवाही की जायेगी।

आशाओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नियमानुसार आशाओं का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि कार्य न करने वाली आशाओं को हटाकर उनकी जगह दूसरी आशा की नियुक्ति करें।

टीकाकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शत प्रतिशत टीकाकरण कराते हुए यू-विन पोर्टल पर फीड करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि एमआर-1 एवं एमआर-2 टीकाकरण के कवरेज की प्रगति बढ़ायें एवं शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें तथा उसको डाटा यू-विन पोर्टल पर भी फीड करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की प्रगति बेहद खराब है, उन क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होने कहा कि पम्पलेट बनाकर किस स्थान पर एवं किस दिन एमआर-1 एवं एमआर-2 का टीका लगाया जायेगा, इसका प्रचार-प्रसार करायें। इसके साथ ही प्रधान, कोटेदार एवं स्कूलों तथा सोशल मीडिया पर भी टीका लगाये जाने के दिन व स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार करायें। उन्होने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर टीकाकरण की प्रगति बढ़ायें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कराते हुए शत प्रतिशत डाटा एचएमआईएस पोर्टल पर फीडिंग कराना सुनिश्चित करें। पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की फीडिंग की प्रगति बेहद खराब पाये जाने पर जिलाधिकारी ने एमओआईसी कोयलसा का वेतन रोकने के निर्देश सीएमओ को दिये। डिलिवरी प्वाइंट पर टीकाकरण की समीक्षा में सीएचसी परशुरामपुर की प्रगति खराब पाये जाने एवं बिना बताये बैठक में अनुपस्थित होने पर एमओआईसी को वेतन रोकने हेतु जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में एनीमिया से ग्रसित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करते हुए उनमें आयरन की गोली वितरित करें।

जननी सुरक्षा योजना में अच्छा कार्य करने वाले राजकीय मेडिकल कालेज आजमगढ़, जिला महिला अस्पताल, बिलरियागंज, मुबारकपुर एवं 100 बेड लालगंज की जिलाधिकारी ने प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होने निर्देश दिया कि जहां पर संस्थागत प्रसव की प्रगति कम है, वहां आशाओं के माध्यम से संस्थागत प्रसव की प्रगति बढ़ायें।

एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समस्त एमओआईसी को निर्देश दिया कि सीएचओ के साथ बैठक कर स्क्रीनिंग की प्रगति बढ़ाते हुए ई-कवच पोर्टल पर डाटा फीड करायें।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान समीक्षा में अहिरौला, लालगंज की प्रगति सबसे कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अध्यापकों के माध्यम से स्कूलों में बच्चों को आयरन की गोली का वितरण करायें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि डॉयल 102 एवं 108 एम्बूलेंस की रिस्पॉन्स टाइम को बढ़ायी जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं की प्रगति स्टेट एवरेज से कम है, उस पर विशेष दें एवं प्रगति बढ़ाते हुए शत प्रतिशत डाटा पोर्टल पर फीड करायें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन, संजीवनी ओपीडी, एनसीडी कैम्पेन, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, यूनिसेफ के कार्यक्रमों आदि की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

बैठक मे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, एसआईसी जिला अस्पताल आजमगढ़, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अजीज अंसारी, डॉ उमाशरण पांडेय, सीएमएस जिला महिला अस्पताल आजमगढ़ सहित समस्त एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *