


आजमगढ़- नेटफ्लिक्स की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। सोमवार को स्थानीय नंदना बाजार में युवा भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी हर्षित सिंह के नेतृत्व में लोगों ने सड़क किनारे जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और वेब सीरीज के निर्माता का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वेब सीरीज का शीर्षक और कथानक एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि ‘पंडित’ जैसे सम्मानित शब्द के साथ ‘घूसखोर’ शब्द जोड़ना ब्राह्मण समाज की छवि को धूमिल करने का प्रयास है, जो पूरी तरह आपत्तिजनक और निंदनीय है।
हर्षित सिंह ने कहा कि यह शीर्षक जातिवादी मानसिकता को दर्शाता है और समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य कर सकता है। उन्होंने मांग की कि वेब सीरीज पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। बताया गया कि इस मामले को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाना में वेब सीरीज के निर्देशक नीरज पांडे, उनकी टीम और नेटफ्लिक्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायत में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान सत्यम सिंह, अमित सिंह, कुंदन सिंह, आंचल सिंह, संजीव शुक्ला, श्रेयांश सिंह, अभिषेक वर्मा, विजय सिंह, अखिलेश, सौरभ सिंह, अंकित सिंह, अभिनव, शशांक सिंह, विकास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
