


आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेश्वर नाथ रोड क्रॉसिंग के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कटी हुई पतंग को लूटने के प्रयास में 13 वर्षीय किशोर ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंडेश्वर नाथ रोड निवासी विमलेश सोनकर का 13 वर्षीय पुत्र सृजन सोनकर दोपहर में स्कूल से लौटा था। घर पर खाना खाने के बाद वह बाहर खेलने निकल गया। इसी बीच एक कटी हुई पतंग को पकड़ने के चक्कर में वह दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर चला गया।
बताया जा रहा है कि आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जा रहे ट्रेन के इंजन (अप लाइन) की गति तेज थी। सृजन का ध्यान पूरी तरह पतंग पर था, जिसके कारण वह इंजन की आहट नहीं सुन सका और उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर की मौके पर ही जान चली गई।
मृतक सृजन अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय मोहल्ले में भी इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
