





आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में पैतृक जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में पुलिस ने वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 8 जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने कंधरापुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जोलहापुर निवासी अवनीश राय और उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और पैतृक भूमि से जुड़े दस्तावेजों में धोखाधड़ी कर संपत्ति को छलपूर्वक बेच दिया। आरोप है कि बीमार व असहाय स्थिति का लाभ उठाकर जमीन का सौदा किया गया और धनराशि का दुरुपयोग किया गया। विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकी भी दी गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
बुधवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अवनीश राय और नूतन राय बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश राय (39) पुत्र स्व. बृजभूषण राय और नूतन राय (35) पत्नी अवनीश राय, निवासी जोलहापुर थाना कंधरापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन तथा आधार और पैन कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला आरोपी को महिला आरक्षी की निगरानी में रात्रि विश्राम के लिए महिला थाना भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
