खेत में गन्ने की पत्ती जलाने व जातिसूचक गाली देने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बीबीगंज गांव में खेत में रखी गन्ने की पत्ती जलाने और विरोध करने पर मारपीट व जातिसूचक गाली देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम राजभर (21) और उत्तम राजभर (19) पुत्र सुभाष, निवासी बीबीगंज थाना दीदारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीबीगंज निवासी मता प्रसाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 4 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके खेत में रखी गन्ने की पत्ती और अन्य सामग्री को कुछ लोगों ने आग लगाकर नष्ट कर दिया। जब उन्होंने और उनके पुत्र विमलेश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों तथा थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में दीदारगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।
गुरुवार को उपनिरीक्षक करमुल्ला अली व पुलिस टीम पल्थी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के वांछित आरोपी राजापुर बाजार टैक्सी स्टैंड पर किसी वाहन से भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *