





आजमगढ़: थाना जीयनपुर पुलिस द्वारा हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी गैंगेस्टर अभियुक्त को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। 29.03.2025 को वादिनी शिवकुमारी पत्नी स्व० श्याम कुंवर चौहान निवासी ग्राम भरौली जीयनपुर द्वारा थाना जीयनपुर पर प्रार्थना पत्र दिया गया था कि उनका पुत्र अश्वनी चौहान (उम्र 32 वर्ष) गांव के ही रामचन्द्र उर्फ मैकू यादव व गौरव सिंह के साथ दावत खाने जीयनपुर गया था। दावत के बाद घर लौटते समय ग्राम जमीन नरहन के पास सड़क किनारे अश्वनी चौहान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। इस संबंध में वादिनी द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की गयी। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना जीयनपुर पर धारा 103(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान कई अन्य अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आये तथा पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर कुल 09 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया गया, जबकि एक अभियुक्त बाल अपचारी पाया गया तथा एक अभियुक्ता के विरुद्ध पृथक कार्रवाई की गयी। इसी क्रम में गैंग चार्ट स्वीकृत होने के उपरांत थाना जीयनपुर पर धारा 2(b)(i)/3(1) उ0प्र0 गैंगेस्टर एक्ट पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना थानाध्यक्ष बिलरियागंज द्वारा की जा रही है। उ0नि0 जाफर खाँ चेकिंग में नरईपुर बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित व 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त आकाश यादव बागखालिस बाजार से बक्खोपुर मार्ग की ओर खड़ा है। सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर ग्राम बक्खोपुर मार्ग से अभियुक्त आकाश यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी ग्राम दाउदपुर थाना जीयनपुर (उम्र करीब 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर व एक अदद जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। इस आधार पर थाना जीयनपुर पर धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
