





आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च को थाने पर प्राप्त तहरीर में बताया गया कि 8 मार्च को थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर युवकों ने एकांत स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी दी। इस मामले में थाना फूलपुर पर शिवम, नीरज, विशाल और इन्द्रसेन उर्फ सेन कोटेदार निवासी ग्राम खानपुर चितरावल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टेऊगा पावर लोहिया मैदान के पास नोना बस्ती जाने वाले मार्ग के मोड़ से तीन नामजद आरोपियों—शिवम भारती (21), नीरज कुमार (20) और विशाल (18) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 70(2), 351(3) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
