पुलिस चौकी परिसर में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, प्रभारी पर लगे गंभीर आरोप, जांच के आदेश

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाई की बाजार पुलिस चौकी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा पकड़ा गया युवक किसी घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था। पुलिस उससे उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक को पुलिस चौकी परिसर में बैठा हुआ देखा जा सकता है, जबकि कुछ पुलिसकर्मी उसके साथ सख्ती करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर आजमगढ़ के एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया वीडियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाई की बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस विभाग वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच में जुट गया है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *