






आजमगढ़। जिले में बड़े स्तर पर साइबर अपराध करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। करीब 110 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी में शामिल गैंग के सरगना समेत 17 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में विदेशी कनेक्शन भी सामने आया है।
विदेशी हैंडलरों से जुड़े तार
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह के तार चीन, दुबई सहित अन्य देशों में बैठे हैंडलरों से जुड़े थे। यह गैंग सुनियोजित तरीके से देशभर में लोगों को निशाना बनाकर ठगी कर रहा था।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी “PM Kisan Yojana (.APK)” ऐप/लिंक और आकर्षक इन्वेस्टमेंट स्कीम के जरिए लोगों को झांसे में लेते थे। लिंक डाउनलोड या निवेश करने के बाद पीड़ितों से बड़ी रकम ठग ली जाती थी।
पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में 8 दिसंबर 2025 को साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर सहित 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विवेचना में अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आने पर कुल 17 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का सख्त संदेश
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि लोगों को ठगी से बचाया जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान ऐप, लिंक या निवेश योजना पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दें।
