आजमगढ़ में टिनशेड लगाने को लेकर दो भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट का वीडियो वायरल

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोड़रा गांव में रविवार सुबह टिनशेड लगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दीवार पर टिनशेड डालने को लेकर दो भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक जांच के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे दीवार पर टिनशेड लगाने को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच विवाद हुआ, जो लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गया। चिकित्सकीय परीक्षण में घायलों के शरीर पर गंभीर कटने-फटने के निशान नहीं मिले, लेकिन उन्हें अंदरूनी चोटें आने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ की और वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 125 और 135 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, पीड़ित पक्ष ने लाटघाट पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत देने को कहा है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *