चार दिन से लापता 5 वर्षीय मासूम का शव पोखरी में मिला, गांव में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में उतराता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मासूम का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी वहाबुद्दीन का पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिज बीते दिनों घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना मुबारकपुर थाना पुलिस को दी गई थी और परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे थे।
रविवार को गांव की एक पोखरी में मासूम का शव उतराता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *