






आजमगढ़। जनपद में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संजरपुर रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर एक ऑटो से दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध हेरोइन के साथ-साथ धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक ऑटो से दो संदिग्ध व्यक्ति हेरोइन लेकर संजरपुर की ओर आ रहे हैं और किसी आपराधिक घटना की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संजरपुर रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन ऑटो बंद हो जाने के कारण पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम मो. बेलाल और अतिकुर्रहमान बताया, जो थाना निजामाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 12.45 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। वहीं ऑटो की तलाशी लेने पर एक बोरी से 4 चापड़, 4 चाकू और 2 मस्तरा भी बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि इन औजारों का इस्तेमाल अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं को काटने में किया जाता था।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 84/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं 4/25 आयुध अधिनियम में केस दर्ज कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के साथ कांस्टेबल आलोक शुक्ला और सौरभ पाण्डेय की अहम भूमिका रही।
