






आजमगढ़। थाना देवगांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी व हिस्ट्रीशीटर आदित्य मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा हाल ही में दो घटनाओं को अंजाम दिया गया था। 18 मार्च 2026 को मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को बाइक पर लिफ्ट देकर उसका पर्स चोरी कर लिया गया था, जिसमें मोबाइल और नकदी मौजूद थी। वहीं 30 मार्च 2026 को देवगांव क्षेत्र में एक युवक को लिफ्ट देने के बाद उसके जेब से 1120 रुपये निकाल लिए गए थे।
इन घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। विवेचना के दौरान आदित्य मिश्रा का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने 31 मार्च 2026 को वाराणसी के शिवपुर बाजार से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 1920 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना देवगांव का हिस्ट्रीशीटर भी है।
इस कार्रवाई को चौकी लालगंज प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
