ऑनलाइन गेम के कर्ज ने बनाया अपराधी! किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेकर बेच डालीं, पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश

Uncategorized

आजमगढ़। ऑनलाइन गेम की लत और उस पर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए युवकों ने ऐसा खेल खेला कि कई किसान ठगी का शिकार हो गए। किसानों से ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने के बाद उन्हें चोरी-छिपे बेच दिया जाता था। महराजगंज थाना पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर बेची गई तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी बरामद कर ली गई हैं। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में महराजगंज पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
किराये के बहाने ले जाते थे ट्रॉली, फिर कर देते थे सौदा
पुलिस के अनुसार नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव के रहने वाले गुलाब यादव, उषा देवी, जौहर यादव और प्रवेश चौहान ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही सुनील यादव ने उनसे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लेने की बात कहकर ले ली थीं। बाद में उसने अपने साथियों उपेन्द्र यादव, अंकुल यादव और गोलू उर्फ संगम मौर्य के साथ मिलकर ट्रॉलियों को बेच दिया। जब किसानों ने अपनी ट्रॉलियां वापस मांगीं तो उन्हें गाली-गलौज कर धमकाया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
गोवर्धन ढाला के पास दबोचे गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने गोवर्धन ढाला के पास से सुनील यादव और उपेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर बेची गई तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रौनापार थाना क्षेत्र के नैनीजोर तथा महराजगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से बरामद कर ली गईं।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे AVITOR ऑनलाइन गेम खेलने के आदी हो गए थे। गेम में लगातार पैसे हारने के कारण उन पर भारी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने किसानों को निशाना बनाया। पहले ट्रॉलियां किराये पर लीं, फिर घर की आर्थिक परेशानी का बहाना बनाकर उन्हें बेच दिया और मिले पैसों से अपना कर्ज चुका दिया।
तीन ट्रॉलियां बरामद, दो अन्य की तलाश
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। वहीं फरार चल रहे अंकुल यादव और गोलू उर्फ संगम मौर्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष जयप्रकाश, उपनिरीक्षक सुधीर पांडेय, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव सहित महराजगंज थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *