






आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार 9 अप्रैल को आजमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन को प्रोटोकॉल प्राप्त हो गया है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से लामार्टिनियर कॉलेज के हैलीपेड से आजमगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर बड़सरा खालसा में हैलीपेड पर 12 बजे उतरेगा।
यहां उपमुख्यमंत्री करीब 12 बज कर 7 मिनट पर कोइनहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचेंगे। स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वहां से एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पहुंचकर उनके पिता स्व राधेश्याम पाठक के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।
करीब आधे घंटे तक रुकने के बाद उपमुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से फतेहपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में है तथा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
