
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव में रविवार देर रात एक सब-इंस्पेक्टर को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने एक सब-इंस्पेक्टर को गांव के एक दिव्यांग व्यक्ति के घर से पकड़कर पीआरवी 112 के हवाले कर दिया। इसके बाद उन्हें पल्हना पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां से उनके फरार होने का आरोप लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित सब-इंस्पेक्टर अल्ताफ खान पहले पल्हना पुलिस चौकी पर तैनात थे और वर्तमान में जहानागंज थाने में तैनात बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पल्हना चौकी पर तैनाती के दौरान उनका जमुई गांव में एक मामले के सिलसिले में आना-जाना हुआ था, जिसके बाद से उनका गांव के एक दिव्यांग व्यक्ति के घर लगातार आना-जाना बना रहा। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि वह कई बार रात में भी वहां रुकते थे, जिससे गांव में लंबे समय से नाराजगी थी।
बताया जा रहा है कि रविवार रात जब सब-इंस्पेक्टर फिर गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर रोक लिया और सूचना देकर पीआरवी 112 को बुलाया। पीआरवी टीम उन्हें अपने साथ पल्हना पुलिस चौकी ले गई। इसके बाद ग्रामीण जब चौकी पहुंचे तो उनका आरोप है कि संबंधित सब-इंस्पेक्टर वहां से मौका देखकर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में काफी आक्रोश व्याप्त है और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले में CO लालगंज भूपेश पाण्डेय ने बताया कि दारोगा के रात में गांव में मिलने को लेकर मिली शिकायत पर SSP ने CO लालगंज को जांच सौंपी है।
