आजमगढ़ के अतरौलिया में ओमप्रकाश राजभर का विपक्ष पर हमला, महिला आरक्षण पर दोहरे रवैये का आरोप

Uncategorized

अतरौलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महिला आरक्षण, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सरकार का पक्ष मजबूती से रखा।
प्रेस वार्ता में राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दे पर विपक्ष का रवैया दोहरा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने घर की महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सके, वे देश की महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल के समय विपक्ष ने इसका विरोध किया था।
सरकार के भीतर खींचतान के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों का स्थानांतरण तय नियमों के तहत एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है और इसमें किसी प्रकार का विवाद नहीं है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके समय में तबादला-पोस्टिंग एक “धंधा” बन गया था।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा और आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बाबा साहेब की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने और सामाजिक कार्यक्रमों में बाधा डालने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए विपक्ष की मानसिकता पर सवाल उठाए।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए राजभर ने बिजली आपूर्ति में सुधार को प्रमुख उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहले की तुलना में बिजली व्यवस्था बेहतर हुई है और सरकार विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जनता सरकार के कार्यों को समझ रही है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

आशीष कुमार निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *