हल्दी रस्म के दौरान गोली मारकर हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल बरामद

Uncategorized

आजमगढ़, 30 अप्रैल। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को ग्राम डीह कैथौली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विवाद के बीच आक्रोश गुप्ता ने पिस्टल से फायर कर छोटेलाल गुप्ता के नाती सत्यम गुप्ता को गोली मार दी थी। घटना में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना दीदारगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान इस मामले में ऋषिकेश मिश्रा और सूरज गुप्ता का नाम भी सामने आया।
दो स्थानों से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आक्रोश गुप्ता (19) को सुबह करीब 7:30 बजे शेखवलिया मोड़ से गिरफ्तार किया। इसके बाद दूसरे आरोपी ऋषिकेश मिश्रा (45) को सिसवारा मोड़ से करीब 11:04 बजे दबोचा गया।
बरामद हुआ आला-ए-वारदात
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आक्रोश गुप्ता की निशानदेही पर डीह कैथौली नहर के पास झाड़ियों से एक .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, अन्य आरोपी सूरज गुप्ता की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *