






अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद): थाना क्षेत्र के रतुवापार गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। संतान न होने को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच 36 वर्षीय सिम्पी सिंह की मौत हो गई। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिम्पी सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम जमीन हरखोरी धनछुला (थाना जीयनपुर), की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व रतुवापार गांव निवासी पंकज सिंह पुत्र राम सिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही संतान न होने को लेकर सिम्पी को प्रताड़ित किया जाता था और आए दिन घर में विवाद होता रहता था।
बीती रात सिम्पी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना को छिपाने का प्रयास करते हुए सुबह जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच, शादी में मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति ने मृतका के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मायके पक्ष के लोग तत्काल गांव पहुंच गए।
मृतका के भाई अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर सिम्पी के शरीर और पेट पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था। इसके बाद डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। ससुराल पक्ष ने दावा किया कि सिम्पी रात में हैंडपंप पर पानी लेने गई थी और गिरने से सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई, लेकिन शरीर पर मौजूद चोटों ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति पंकज सिंह, देवर विनय सिंह और सास (रामसिंह की पत्नी) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
