आजमगढ़ में राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज, देशभर से जुटे खिलाड़ी

Uncategorized

आजमगढ़। सरायमंदराज स्थित हरिशचंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (HMPS) में बुधवार को CBSE National Archery Tournament 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। छह अक्टूबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से विद्यालयों की टीमें और प्रतिभाशाली तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लाइफ लाइन हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. अनूप कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। तीरंदाजी एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का खेल है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति रिछारिया ने देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय के लिए गौरव का अवसर है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों और अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना की। समारोह में सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, डॉ. मनीष त्रिपाठी, डॉ. रजनी त्रिपाठी, डॉ. अमीर आलम, डॉ. अहमद जमाल उस्मानी, डॉ. गायत्री, राजेंद्र प्रसाद यादव, सिराज अहमद, सरफराज आलम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में अपनी तकनीक, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। देशभर से खिलाड़ियों के आजमगढ़ पहुंचने से जिले में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस राष्ट्रीय आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलने के साथ आजमगढ़ को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *