
अतरौलिया, आशीष कुमार निषाद आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बसहिया पुरवा गांव में रविवार सुबह नवनिर्मित मकान में साफ-सफाई करते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां की असमय मौत से दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, बसहिया पुरवा गांव निवासी इंदु शर्मा (35) पत्नी जोखू शर्मा रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने नवनिर्मित मकान में झाड़ू-पोछा कर रही थीं। इसी दौरान मकान के चैनल गेट से सटे कटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आने से गेट में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से इंदु गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति जोखू शर्मा नाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। 13 वर्षीय बेटी माला और सात वर्षीय बेटा शिवा शर्मा मां की मौत से बेसुध हैं। पत्नी की असमय मौत से पति जोखू शर्मा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
