ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को बनाती थीं निशाना, अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश, आजमगढ़ पुलिस ने दो महिला चोरों को किया गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया; गहने और नगदी बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर गहने और नगदी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय महिला गिरोह का फूलपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नगदी भी बरामद की है। यह गिरोह फूलपुर, गंभीरपुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को थाना फूलपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी बहन अंबारी से अपने गांव पलिया ऑटो से जा रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उनका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नगदी और जेवर रखे हुए थे। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा संख्या 165/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान थाना गंभीरपुर और थाना कोतवाली में दर्ज समान घटनाओं को भी जोड़कर पुलिस ने मामले की गहराई से पड़ताल की। विवेचना में बिहार निवासी चरन देवी, सोनम और एक बाल अपचारी का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 मई की शाम करीब 6:13 बजे मकसूदिया शिव मंदिर के पास से दोनों महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे ऑटो में बैठकर महिलाओं के गहने, पर्स और नगदी चोरी करती थीं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ताओं को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान चरन देवी पत्नी अनीश निवासी ग्राम गोला थाना गोला जनपद रोहतास बिहार तथा सोनम पत्नी रुदल निवासी शांति नगर बस स्टैंड थाना टाउन जनपद बक्सर बिहार के रूप में हुई है।
बरामदगी में चरन देवी के पास से एक पीली धातु का लॉकेट, चार बिछिया और 700 रुपये नगद मिले। वहीं सोनम के पास से बिछिया, नाक की कील, पायल, झुमका और 1000 रुपये नगद बरामद किए गए। बाल अपचारी के पास से भी बिछिया और नगदी बरामद हुई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल दयाशंकर यादव, कांस्टेबल अमरजीत निषाद, महिला कांस्टेबल कृष्णा शुक्ला एवं महिला कांस्टेबल शक्ति मिश्रा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *