तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने ली साइकिल सवार दर्जी की जान, कार पर बीजेपी का स्टीकर, पीड़ित परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में चीख-पुकार गूंज उठी।
जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रोहुआ मुस्तफाबाद निवासी दलसिंगार राम (50) पुत्र दुखीराम सोमवार को गोसाई की बाजार स्थित अपनी सिलाई की दुकान से साइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह चौकी गोसाई की बाजार क्षेत्र स्थित नंद पेट्रोल पंप के पास एनएच-4 मार्ग पर पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दलसिंगार राम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी शुरू की, लेकिन तब तक उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल स्विफ्ट कार और चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है।
बताया गया कि मृतक गोसाई की बाजार में कपड़े सिलने का कार्य करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह चार पुत्रों के पिता थे, जिनमें बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *