आजमगढ़ में मजदूर का शव कमरे में मिला, आत्महत्या की आशंका में जांच शुरू

Uncategorized

आजमगढ़।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार शाम एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी निवासी मो. अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शहर के सीताराम मोहल्ला निवासी अब्दुल अजीम के मकान में किराये पर रहकर मजदूरी का काम करता था।
इस संबंध में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे कमरे में शव होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार फील्ड यूनिट द्वारा जांच किए जाने के बाद ही कमरे का दरवाजा खोला जाएगा और शव को बाहर निकाला जाएगा। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है कि मृतक को आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मोहल्ले में चर्चा और दहशत का माहौल बना हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *