






आजमगढ़।
जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी में जमीन विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। सेवानिवृत्त ऑडिट अधिकारी श्याम बहादुर यादव ने अपने पट्टीदारों पर मारपीट, धमकी देने और निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए थाना अहरौला में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार उनके पट्टीदार त्रिवेणी यादव, ज्ञानचंद यादव, लालबिहारी यादव समेत अन्य लोग पहले से ही सरकारी नल के पक्के फर्श पर चहारदीवारी बनाकर कब्जा कर चुके हैं। अब जब वह अपनी आबादी की जमीन पर लेट्रिंग का निर्माण कार्य करा रहे हैं, तो आरोपी उसे जबरन रुकवा रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि त्रिवेणी यादव, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में जवान हैं, ने उन्हें AK-47 से उड़ाने तक की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि 10 मई की सुबह करीब 10 बजे त्रिवेणी यादव अपने भाई के साथ उन पर हमला करने पहुंचे, जिससे वह किसी तरह बचकर थाने पहुंचे। वहीं, थाने से लौटने के दौरान उन्हें सूचना मिली कि आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर लेट्रिंग का पाइप तोड़ दिया और उनकी पत्नी विमला यादव के साथ मारपीट की। घटना में पत्नी के घायल होने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र का एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक व्यक्ति दीवार तोड़ता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना अध्यक्ष अहरौला को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
