पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एहसान खान का कथित अवैध असलहों वाला वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़।
आजमगढ़ सदर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी तथा पूर्व सपा व भीम आर्मी नेता एहसान खान का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर अपने पास तीन अवैध असलहे होने की बात कहते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
वायरल वीडियो में एहसान खान एक कमरे में बिस्तर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के दौरान वह अपने समर्थकों से बातचीत करते हुए कहते हैं कि उनके पास “तीन अवैध असलहे” हैं, जिन्हें वह खुले तौर पर रखते हैं। इसके साथ ही वह यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि उनके पास गाड़ी, बंगला, हेलीकॉप्टर या पैसा नहीं है और वह राजनीति में किसी व्यक्तिगत लाभ या व्यापारिक उद्देश्य से नहीं आए हैं।
वीडियो में उन्होंने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर भी कटाक्ष किया है। हालांकि वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एहसान खान स्वयं को तीन-तीन अवैध असलहे रखने की बात स्वीकार करते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के लिए थाना अध्यक्ष सरायमीर को निर्देशित किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार एहसान खान 31-A श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति तथा महामारी अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 21 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *