






आजमगढ़ के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत गुरुवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हो गई। हादसा बांदा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में हथौरा गांव के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। �
घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान अजीत (38), उनकी मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80) और चाची निशा विश्वकर्मा (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार महोबा जिले के कबरई कस्बे से आजमगढ़ आया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के अनुसार प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने की वजह से दुर्घटना होने की आशंका है। हादसे के बाद ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज नंबर 47.8 में जिस समय हादसा हुआ। स्कार्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। जोकि एक ही परिवार के चार लोगों के लिए काल बन गई। दिवंगत हुए अजीत के चाचा श्याम नारायण व अन्य स्वजन ने बताया कि उन्हें परिवार के पैतृक गांव आजमगढ़ जिले के ग्राम रामगढ़े से आने की पहले से जानकारी थी।
इसलिए परिजनों ने अजीत को फोन किया। फोन पर पुलिस ने बात कर घटना होने की जानकारी दी। इससे वह जिस हालत में थे। उसी तरह घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। स्वजन के शवों को देखकर वह सिहर उठे। किसी ने सपने में नहीं सोचा था कि परिवार पर इस तरह दुख का पहाड़ टूटेगा। जिसको वह जीवन भर नहीं भूल पाएंगें। हादसे को लेकर घटनास्थल पर उपस्थित लोगों में भी गमगीन स्थिति रही।
