






आजमगढ़ में स्कूल जाने वाली छात्राओं के साथ मनचलों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन और चाइल्ड हेल्प लाइन तत्काल सक्रिय हो गई। गुरुवार को 1098 पर मिली सूचना के बाद चाइल्ड हेल्प लाइन और जिला प्रोबेशन विभाग की टीम स्थानीय महिला पुलिस के साथ हीरापट्टी (शिवाजी नगर) स्थित फातिमा पब्लिक स्कूल पहुंची और मौके पर जांच अभियान चलाया।
चाइल्ड हेल्प लाइन के प्रभारी संजय शाही और पुलिस टीम ने विद्यालय के आसपास निगरानी करते हुए मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 1098 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के तहत छात्राओं के बीच पंपलेट और पोस्टर भी वितरित किए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोष कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय की छुट्टी के समय कुछ असामाजिक तत्व छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे थे, जिससे छात्राओं और अभिभावकों में भय का माहौल बन गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग के निर्देश पर विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।
टीम ने विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों से बातचीत कर ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के बाद छात्राओं और अभिभावकों में राहत का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। वहीं, शिकायत करने वाली छात्रा ने घर पहुंचकर दोबारा कॉल कर प्रशासन को धन्यवाद दिया, जिस पर टीम ने उसकी सजगता की सराहना करते हुए उसका हौसला बढ़ाया।
