आज़मगढ़: हैंडओवर के कुछ माह बाद ही किसान कल्याण भवन में दिखने लगी खामियां, इसी वर्ष हैंडओवर हुआ था भवन, खिड़कियों के टूटने लगे शीशे

Uncategorized

अतरौलिया। क्षेत्र के बांसगांव में करोड़ों रुपये की लागत से बने किसान कल्याण भवन में शुरुआती दौर में ही निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। जनवरी 2026 में कृषि विभाग को हैंडओवर किए गए भवन की खिड़कियों के शीशे टूटकर निकलने लगे हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार UP Project Corporation Limited की यूनिट-19 आजमगढ़ द्वारा किसान कल्याण भवन का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2025 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट पर करीब 1 करोड़ 21 लाख 87 हजार रुपये खर्च किए गए। भवन का उद्देश्य किसानों को एक ही स्थान पर बैठक, खाद-बीज वितरण और कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन निर्माण में कई खामियां हैं। खिड़कियों के शीशे ठीक ढंग से फिट नहीं किए गए, जिसके चलते वे टूटकर बाहर निकलने लगे हैं। इसके अलावा भवन तक पहुंचने के लिए समुचित सड़क, पीने के पानी की व्यवस्था और साफ-सफाई की भी समस्या बनी हुई है।
केंद्र प्रभारी धीरज मौर्य ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन में धान, ढैंचा, सांवा और कोदो समेत अन्य फसलों के बीज इसी केंद्र से वितरित किए जाएंगे। हालांकि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में केंद्र संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी गगनदीप सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और निर्माण संबंधी शिकायतों की जांच कराई जा रही है।

आशीष कुमार निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *