






अतरौलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार को अतरौलिया डाक बंगला पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, प्रधानमंत्री की मितव्ययिता संबंधी अपील और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी।
पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री राजभर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर सीधे तेल बाजार पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात सामान्य होने पर आम जनता को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा मितव्ययिता और सोने की खरीद को लेकर की गई अपील का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी निर्णय देशहित में होते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की आर्थिक मजबूती और खुशहाली के लिए जनता को प्रधानमंत्री की अपील का पालन करना चाहिए।
विपक्ष की ओर से सरकार पर फिजूलखर्ची के लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं अपने काफिले को छोटा कर सादगी और मितव्ययिता का संदेश दे रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के एक प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर दिए गए कथित विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि ब्राह्मण समाज देश की विद्वान परंपरा का प्रतीक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी नेता समाज में जातीय तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, Mulayam Singh Yadav के पुत्र प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मंत्री राजभर ने इसे बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि यदि परिवार किसी प्रकार की आशंका व्यक्त करता है तो सरकार निष्पक्ष जांच कराने के लिए तैयार है।
आशीष कुमार निषाद
