
आजमगढ़। मेहनगर थाना पुलिस ने जमीनी विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। शुक्रवार को थानाध्यक्ष अभिराज सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धरनीपुर ईंट भट्ठा के पास से मुकदमा संख्या 249/2026 से संबंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र यादव (30 वर्ष) पुत्र रामधनी तथा कन्हैया (57 वर्ष) पुत्र लालता, दोनों निवासी ग्राम ठोठिया, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर कई लोगों ने वादी और उसके परिजनों के घर में घुसकर लाठी-डंडों, रॉड और गड़ासी से हमला कर दिया था। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के संबंध में थाना मेहनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
