
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च के दौरान रोके जाने और गिरफ्तारी की सूचना पर मंगलवार को आजमगढ़ में भी पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। समाजवादी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया।
युवा सपाइयों का कहना था कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेता मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया गया और उनकी गिरफ्तारी की सूचना सामने आई। अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। सपाइयों का कहना था कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के युवा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी आंदोलन में सक्रिय हैं।
इसी बीच अखिलेश यादव को छोड़ दिए जाने की सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं का आक्रोश कुछ शांत हुआ। इसके बाद कार्यकर्ताओं का रुख भी नरम पड़ गया। समाजवादी पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में लगातार आंदोलन चलाया जा रहा है और मंगलवार को आजमगढ़ में युवा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इसी कड़ी का हिस्सा रहा।
