






Azamgarh। सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर बुलेट मोटरसाइकिल के चारों ओर पेट्रोल डालकर आग लगाने और उसका वीडियो अपलोड करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार मीडियासेल को एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें इंस्टाग्राम आईडी “serveshsonkar” से बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UP50DC3535 के चारों तरफ पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए रील बनाई गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। पुलिस का कहना है कि इस खतरनाक कृत्य से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 235/2026 धारा 285/287/288 बीएनएस व 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी क्रम में शुक्रवार को उ0नि0 सूर्यपाल व उनकी टीम ने वांछित अभियुक्त सर्वेश सोनकर पुत्र स्व0 प्रकाश सोनकर निवासी डीएवी कांशीराम आवास थाना कोतवाली, आजमगढ़ को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है तथा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 सूर्यपाल, रि0का0 रितेश चौधरी और रि0का0 अश्वनी सिंह शामिल रहे।
