रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर कब्जे का आरोप, तहसील दिवस में डॉक्टर ने लगाई न्याय की गुहार

Uncategorized

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहां स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास की एक भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। सुराई गांव निवासी डॉक्टर नाहिद तबस्सुम पत्नी इमरान अहमद ने शनिवार को तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
डॉक्टर नाहिद तबस्सुम ने तहसील प्रशासन को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने जनवरी माह में उक्त भूमि अमीना पुत्री स्वर्गीय रिजवान अहमद से विधिवत रजिस्ट्री कराकर खरीदी थी। जमीन का दाखिल-खारिज भी हो चुका है तथा खतौनी में उनका नाम दर्ज है। उन्होंने बताया कि भूमि की सुरक्षा के लिए वहां गेट लगाकर ताला बंद किया गया था।
पीड़िता का आरोप है कि जमीन विक्रेता के कुछ पट्टीदारों ने बीते 20 अप्रैल को जबरन ताला तोड़कर जमीन में प्रवेश कर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उन्हें मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
डॉक्टर तबस्सुम ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार रात दर्जनों लोग उक्त जमीन पर जनरेटर लगाकर निर्माण कार्य कराने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर दोनों पक्ष मौके पर आमने-सामने आ गए, जिससे देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पीड़िता ने तहसील दिवस में प्रशासन से मांग की है कि उनकी जमीन को कथित भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *