






आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार चांदपट्टी फतेहपुर गांव निवासी आशीष कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय मंगरु प्रसाद अपने भांजे आर्यन कुमार (18) पुत्र चंदन राम निवासी देवारा कदीम थाना महराजगंज के साथ बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वे रहमनिया मोड़ के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आर्यन कुमार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं ई-रिक्शा चालक मोती राम पुत्र देवनरायन राम निवासी मार्हा कर्मनाथपट्टी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रौनापार थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आशीष कुमार की माता लालमुनी देवी ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।
रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
